देहरादून IT में अवैध लकड़ी कटान का खुलासा—वन विभाग ने लकड़ी से भरी गाड़ी जब्त की
देहरादून। शहर के आईटी पार्क इलाके में वन विभाग की गश्त टीम ने अवैध लकड़ी ढुलाई का मामला पकड़ा है। शुक्रवार की सुबह विभाग की टीम को एक वाहन में लकड़ी लेकर जाते हुए संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली। रोककर जांच की गई तो वाहन में तुन प्रजाति की भारी मात्रा में तैयार गिल्ट पाए गए, जबकि चालक किसी तरह की अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जिसके बाद वन विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर रायपुर रेंज कार्यालय में खड़ा कराया और मामले को विधिक प्रक्रिया के लिए कोर्ट भेज दिया है।
अधिकारियों के अनुसार, चाहे पेड़ निजी जमीन पर हों या सरकारी, उनकी कटाई के लिए विभागीय अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति पेड़ काटना और लकड़ी परिवहन करना सीधे तौर पर वन अधिनियम का उल्लंघन माना जाता है।
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में महिला बीट अधिकारी सहित टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने मौके पर तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़ने में सफलता हासिल की।
विभाग अब यह पता लगाने की दिशा में जांच बढ़ा रहा है कि लकड़ी कहां से काटी गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। साथ ही, आईटी पार्क और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।