लाल किले के पास इको वैन में धमाका, दिल्ली में मचा हड़कंप
दिल्ली में सोमवार शाम करीब 6:50 बजे लाल किले के पास एक इको वैन में जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, इस विस्फोट में कम से कम आठ लोगों की मौत और कई घायल हुए हैं। धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ जब वैन ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी थी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के वाहनों में आग लग गई और कई लोगों को झुलसने की खबर है। पुलिस, एनएसजी और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं और राहत कार्य जारी है।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह विस्फोट तकनीकी खराबी के कारण हुआ या पूर्व नियोजित हमला था। आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है। राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने व अफवाहों से बचने की अपील की है।