दून के श्री महंत इंद्रेश अस्पताल में डॉक्टरों की बड़ी सफलता — बिना बड़ा चीरा लगाए सीने से निकाला फुटबॉल जितना ट्यूमर
महंत इंद्रेश अस्पताल (SMIH), देहरादून के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। अस्पताल के कैंसर विभाग की टीम ने एक युवा मरीज के सीने से फुटबॉल के आकार का विशाल ट्यूमर (लगभग 1.5 किलोग्राम वजनी) बिना बड़ा चीरा लगाए सफलतापूर्वक हटा दिया।
यह जटिल सर्जरी वीडियो-असिस्टेड थोरेकोस्कोपिक सर्जरी (VATS) तकनीक से की गई, जिसका नेतृत्व अस्पताल की वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. कनिका कपूर ने किया। इस अत्याधुनिक तकनीक में पारंपरिक ओपन सर्जरी के विपरीत बड़े चीरे की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि केवल छोटे की-होल (छिद्र) बनाकर ट्यूमर को शरीर से निकाला जाता है।

डॉ कनिका कपूर ने बताया कि इस सर्जरी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि मरीज को न तो अधिक दर्द हुआ और न ही लंबा रिकवरी टाइम लगा। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर है और वह अब सामान्य जीवन जी रहा है।
अस्पताल प्रशासन ने इस उपलब्धि को “चिकित्सा क्षेत्र में मील का पत्थर” बताया है और कहा कि अब इस तकनीक से अन्य जटिल मामलों में भी बिना दर्द के सफल उपचार संभव हो सकेगा।