एसडीआरएफ मुख्यालय जॉलीग्रांट में “आपदा मित्र” प्रशिक्षण का दूसरा बैच सफलतापूर्वक पूरा, प्रशिक्षुओं ने ली सेवा की शपथ
देहरादून: एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जॉलीग्रांट में आयोजित “आपदा मित्र” प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे बैच का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के निर्देशन में आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को आपदा के समय प्रथम प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन, बचाव तकनीक, प्राथमिक उपचार, रस्सी के माध्यम से रेस्क्यू और बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने के आधुनिक तरीकों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने सक्रिय भागीदारी की और अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए भविष्य में समाज सेवा का संकल्प लिया।
एसडीआरएफ कमांडेंट ने समापन अवसर पर प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र वितरित किए और कहा कि “आपदा मित्र” न केवल अपने क्षेत्र में जनजागरूकता फैलाएंगे, बल्कि संकट की घड़ी में प्रशासन के सशक्त सहयोगी बनेंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा प्रबंधन की जमीनी संरचना को मजबूत करना और हर नागरिक को आपदा के प्रति संवेदनशील बनाना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षुओं ने सामूहिक रूप से आपदा के समय तत्परता और सेवा भाव से कार्य करने की शपथ ली।