भगवान विश्वनाथ की नगरी उत्तरकाशी में एक बार फिर माहौल गरमा गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पूरे शहर में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। वीडियो में एक युवक को रेस्टोरेंट में रोटी पर थूकते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो शहर की पुलिस चौकी के सामने स्थित “जायका रेस्टोरेंट” का है, जिसे एक विशेष समुदाय के युवक द्वारा चलाया जा रहा है।
जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, विश्व हिंदू परिषद (VHP), बजरंग दल और उक्रांद के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में प्रदर्शन करते हुए कई दुकानों को बंद कराया और हनुमान चौक पर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
करीब एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के बाद माहौल शांत हुआ और दीपावली त्योहार को देखते हुए व्यापारी अपने प्रतिष्ठान दोबारा खोलने लगे। हालांकि, शहर के मुस्लिम व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद ही रखे।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है और संबंधित रेस्टोरेंट के संचालन से जुड़ी अनियमितताओं की भी पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी उत्तरकाशी में अवैध मस्जिद निर्माण को लेकर बड़ा विवाद हुआ था, जिसके चलते महीनों तक शहर में तनाव का माहौल बना रहा था।